शिक्षक, अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति ई-अटेंडेंस के माध्यम से कराएं
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक एवं अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति ई-अटेंडेंस के माध्यम से नियमित कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर विभाग द्वारा समीक्षा के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है।
स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग से विद्यालयों में पठन-पाठन की प्रक्रिया में शिक्षकों के द्वारा डिजिटल डिवाइस जैसे- कम्प्यूटर, इंटरएक्टिव पेनल तथा टेबलेट का उपयोग किया जा रहा है। प्रदेश में शिक्षकों की उपस्थिति को सटीक और सुगम तरीके से दर्ज करने के उद्देश्य से ’हमारे शिक्षक ऐप’ विकसित किया गया है। यह ऐप शिक्षकों की उपस्थिति की प्रक्रिया को ऑटोमेटेड, सुरक्षित और रियल टाइम बनाता है। शिक्षक अपने मोबाइल अथवा टेबलेट के माध्यम से ऐप में लॉगइन करके अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। ऐप स्वतः लोकेशन, दिनांक, समय और फेस की पहचान को रिकॉर्ड करता है। इससे उपस्थिति वेरीफाइड हो जाती है। इसके अलावा लीव मैनेजमेंट शिक्षक ऐप के माध्यम से अवकाश के लिये आवेदन किया जा सकता है। संबंधित लीव का रिकॉर्ड ऑनलाइन रूप से संधारित होगा। शिक्षक सेवा संबंधी लंबित प्रकरण और समस्या को इस ऐप पर दर्ज कर सकते हैं। प्रशिक्षक संबंधी सूचना एवं प्रशिक्षण में उपस्थिति की जानकारी इसमें दर्ज की जा सकती है। यह ऐप शिक्षक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के मकसद से तैयार किया गया है।
