आरोपी को गिरफतार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कड़ी सजा दिलाएं
भोपाल। रायसेन जिले में हुई 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी घटना के बाद भोपाल के एम्स अस्पताल में इलाजरत पीड़िता से मिलने बुधवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा को समझा और कांग्रेस पार्टी की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
पटवारी ने अस्पताल के डॉक्टरों से इलाज की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की चिकित्सा आवश्यकताओं पर भी विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। पटवारी ने अस्पताल में भर्ती बच्ची और उसके परिवार से सीधे मिलकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से बच्ची के इलाज की प्रगति और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था के बारे में विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष ने परिवार को आश्वस्त किया कि पार्टी हर स्तर पर उनकी मदद करेगी और उन्हें किसी भी प्रकार की सुविधा और समर्थन उपलब्ध कराया जाएगा। इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पटवारी ने कहा कि यह पीड़ा शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि ऐसा कृत्य करने वाला इंसान नहीं, बल्कि राक्षस है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार मासूम बच्चियों के साथ हो रही घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार पूरी तरह विफल है।
पटवारी ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि दोषी दरिंदे को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट में कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि औपचारिकताओं में समय न गवांया जाए और स्पष्ट संदेश दिया जाए कि मासूम के साथ किए गए अपराध को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तो भोपाल बंद करेंगे
दूसरी ओर, हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने प्रशासन पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि आरोपी सलमान की गिरफ्तारी में हो रही देरी चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 5 दिन में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो हम भोपाल बंद कराएंगे। अब ऐसी घटनाओं को समाज और बर्दाश्त नहीं करेगा।
