ऑनलाइन सवाल लगाने में बढ़ी विधायकों दिलचस्पी
0
भोपाल। दिसंबर में प्रस्तावित विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों ने इस बार ऑनलाइन माध्यम से सवाल भेजने में अधिक रूचि दिखाई है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, इस सत्र के लिए कुल 1497 सवाल प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 907 सवाल ऑनलाइन जबकि 590 सवाल ऑफलाइन प्राप्त हुए। सवाल भेजने की समय-सीमा अब समाप्त हो चुकी है।शीतकालीन सत्र 1 से 5 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सरकार की ओर से 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। साथ ही नगरीय विकास एवं आवास विभाग की ओर से नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली को फिर से लागू करने संबंधी संशोधन विधेयक भी सदन में रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में वर्ष 1999 से 2014 तक नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्षों का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होता था, जिसे वर्ष 2022 में बदलकर अप्रत्यक्ष प्रणाली कर दिया गया था। अब प्रस्तावित संशोधन विधेयक पारित होने के बाद अध्यक्षों का चुनाव पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से संभव हो सकेगा। महापौर का चुनाव पहले की तरह प्रत्यक्ष प्रणाली से ही जारी रहेगा।सत्र अवधि बढ़ाने की मांग तेजपूर्व मंत्री और विधायक सचिन यादव ने सत्र की अवधि मात्र चार दिन रखने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, कानून-व्यवस्था सहित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। उनका कहना है कि सत्र छोटा रखना सरकार की सोची-समझी रणनीति है ताकि जनता से जुड़े सवालों पर विस्तृत चर्चा न हो सके। यादव ने कहा कि प्रदेश में अनेक गंभीर मुद्दे हैं जिन पर सार्थक बहस की आवश्यकता है, लेकिन संक्षिप्त सत्र सरकार की जवाबदेही से बचने की मंशा को स्पष्ट करता है।
