सीधे जनता चुनेगी नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष
कैबिनेट बैठक में मिली मंजूरी, विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा बिल
भोपाल। नगर पालिका अध्यक्ष और नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव नगर निगम के महापौर की तरह सीधे कराने का निर्णय लिया है। आने वाले विधानसभा सत्र में सरकार यह बिल प्रस्तुत करेगी।
यह फैसला आज कैबिनेट बैठक में लिया गया। बैठक के बाद नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तर तीनों लोकल बॉडी नगर निगम में मेयर व नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्षों का चुनाव उस क्षेत्र के मतदाता सीधे चुन सकेंगे। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। प्रदेश में नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराए जाने संबंधी विधेयक को विधानसभा में प्रस्तुत किये जाने की स्वीकृति दी गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में वर्ष 1999 से 2014 तक नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराए जाते रहें है। वर्ष 2022 में नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से वार्डों के निर्वाचित पार्षदों के द्वारा कराए गए। महापौर का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से सीधे मतदाताओं द्वारा कराया जा रहा है।
दिवंगत निरीक्षक के परिजनों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता
कैबिनेट बैठक में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस-नक्सल मुठभेड़ मे 19 नवम्बर 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) आशीष शर्मा, हॉक फोर्स बालाघाट के परिजन को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति प्रदान की गयी है। साथ ही उनके छोटे भाई अंकित शर्मा को जिला पुलिस बल में उप निरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया है।
एक दिसंबर को मनाई जाएगी गीता जयंती
कैबिनेट बैठक की जानकारी देते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बताया कि 1 दिसंबर को प्रदेश भर में गीता जयंती मनाई जाएगी. कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में मध्य प्रदेश की सहभागिता रहेगी। उन्होंने कहा कि कैसे प्रदेश की जनता को इसका लाभ मिले। इसकी व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश के 10 संभाग, 55 जिले और 313 विकासखंडों में गीता प्रेमी गीता का सस्वर पाठ करेंगे। उन्होंने बताया कि अगली कैबिनेट मीटिंग खजुराहो में आयोजित की जाएगीं।
मुख्यमंत्री करेंगे विभागों की समीक्षा 1 से
शासन और प्रशासनिक कार्यों की व्यापक समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 से 5 दिसंबर तक सभी विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठकें लेंगे। इन बैठकों में विभागों द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों, सामने आई चुनौतियों, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन-किन विभागों ने नवाचार के माध्यम से बेहतर कार्य किया है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
अगली कैबिनेट बैठक खजुराहो में
प्रदेश मंत्रिमंडल की अगली बैठक 8 और 9 दिसंबर को खजुराहो में होगी, इससे पहले 24 जनवरी 2025 में कैबिनेट बैठक महेश्वर में आयोजित की गई थी। इसके अलावा 20 मई 2025 में इंदौर के राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। वहीं जून 2025 में पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक हुई थी।
