गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के कल्याण के लिए तैयार है रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला सभी के कल्याण के लिए योजनाओं का रोड मैप बना है। राज्य सरकार अन्नदाता, गरीब, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए समर्पित है। सनातन संस्कृति को सर्वेभवन्तु सुखिनंः-सर्वे संतु निरामयाः और वसुधैव कुटुम्बकम् के भाव के अनुसार सबके कल्याण के लिए राज्य सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा में सिविल अस्पताल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण सहित अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के बेहतरी के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य का कार्य जारी है। भावान्तर योजना से सोयाबीन का वाजिब मूल्य दिलाते हुए किसानों के हक के पैसे उनके खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों से गेंहूँ की खरीदी भी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह की गई है।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने प्रतिबद्ध है सरकार
मुख्यमंत्री डा यादव ने कहा कि उद्योगों में काम करने वाली बहनों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने के उद्देश्य से नारी सशक्तिकरण योजना के तहत उद्योगों को राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में हर युवा को रोजगार से जोड़ते हुए उनकी जिन्दगी बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बासौदा को 150 करोड़ रुपये की लागत से 54 विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने 150 बिस्तरीय नवीन सिविल अस्पताल लोकार्पित किया गया है। इसके अलावा सब जेल गंजबासौदा में 40 बंदियों के लिए बनी जेल बैरक, 1 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बने सीएचओ आवास सहित 3 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का लोकार्पण किया।
विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी : शिवराज
केंद्रीय कृषि किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर प्रदेश के विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रदेश में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और पेयजल सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। भारत सरकार की योजनाओं को मध्यप्रदेश में गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनका पूरा सहयोग मिल रहा है।
