पेंशनर्स की मुश्किलें बढ़ीं, भौतिक सत्यापन धीमा, लाखों की पेंशन अटकी
भोपाल। सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पेंशनर्स भौतिक सत्यापन की धीमी रफ्तार के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वृद्धजन, महिलाओं और दिव्यांगों सहित लाखों हितग्राहियों की मासिक पेंशन पिछले दो माह से रुकी हुई है। विभाग ने निर्धारित समय सीमा में सत्यापन पूर्ण न होने पर लगभग तीन लाख पेंशनरों की राशि रोक दी थी।
नवीन आंकड़ों के अनुसार अब तक केवल 72,863 पेंशनर्स का ही सत्यापन पूरा कर पोर्टल पर अपडेट किया जा सका है, जबकि 2,20,867 लाभार्थियों’’ का सत्यापन अभी भी लंबित है। प्रदेश में कुल भौतिक सत्यापन की प्रगति मात्र 24.81 प्रतिशत पर अटकी हुई है, जिसे विभाग ने बेहद असंतोषजनक माना है। सीधी, टीकमगढ़, सिंगरौली, भोपाल, मैहर, उमरिया और डिंडोरी जिलों में स्थिति और भी गंभीर है, जहां भौतिक सत्यापन की प्रगति ’’10 प्रतिशत से भी कम’’ रही है। इसके अलावा 16 जिलों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने सभी जिलों को 30 नवंबर तक लंबित सभी भौतिक सत्यापन कार्य पूर्ण कर पोर्टल पर अपडेट सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर अधिकारियों पर कार्रवाई किए जाने की संभावना भी जताई गई है।
