एसआईआर को लेकर भाजपा ने बूथों पर किया फोकस
तेज हुआ बैठकों का दौर
भोपाल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा ने बूथ स्तर पर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। पार्टी के पदाधिकारी जहां भी दौरे पर जा रहे हैं, वहां एसआईआर की समीक्षा बैठक ले रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा ने निर्वाचन आयोग से डिजिटलाइजेशन की धीमी रफ्तार पर आपत्ति भी दर्ज कराई है और अब तक हुए कार्य का फीडबैक लिया है।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने रायसेन जिले में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर जिला कार्यालय में बैठक ली। बैठक में जिले के सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। इसी तरह प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने इंदौर में एसआईआर की समीक्षा बैठक की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पार्षदों, मंडल अध्यक्षों और विधानसभा टोली के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
व्हीं प्रदेश भाजपा की ओर से विधायक भगवानदास सबनानी और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डिजिटलाइजेशन की धीमी गति पर चिंता जताई। उन्होंने इसे तेज करने की मांग की और अब तक चली प्रक्रिया का फीडबैक भी लिया। भाजपा ने निर्देश जारी किए हैं कि हर बूथ पर लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें बूथ की टोली एक-एक मतदाता पर नजर रखेगी, ताकि एसआईआर प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।
