चार फीसदी स्कूली बच्चे तंबाकू सेवन के शिकार
स्कूलों के आसपास प्रतिबंध के बावजूद जारी बिक्री’
भोपाल। स्वास्थ्य विभाग की ताज़ा रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में अध्ययनरत लगभग चार फीसदी विद्यार्थी तंबाकू का सेवन करते हैं। स्कूल परिसरों के आसपास गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद, विद्यार्थी किसी न किसी रूप में इनका सेवन कर रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा किए गए अध्ययनों में भी यह सामने आया है कि युवाओं में तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, जिससे स्कूल और कॉलेज परिसरों में अन्य मादक पदार्थों के सेवन का चलन भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 8.5 प्रतिशत भारतीय छात्र’’ किसी न किसी रूप में तंबाकू का उपयोग करते हैं। इससे भी चिंताजनक तथ्य यह है कि ’’देश में प्रतिदिन 5,500 से अधिक बच्चे तंबाकू का सेवन शुरू करते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बढ़ते खतरे से निपटने के लिए विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशा निर्देश को सक्रिय रूप से लागू किया है। इस पहल के तहत स्कूलों और कॉलेजों को तंबाकू उत्पादों के उपयोग और बिक्री से पूरी तरह मुक्त बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
