सरकारी विभाग भी नहीं भर रहे बिजली बिल
406 करोड़ के बकाया की वसूली के लिए बिजली कंपनी ने लिखा पत्र
भोपाल। प्रदेश के सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपए का बिजली बिल बकाया होने का मामला सामने आया है। बिजली कंपनी ने बकाया राशि की वसूली के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी करते हुए वित्त मंत्री को पत्र लिखा है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार के 16 विभागों के कुल 72 हजार बिजली कनेक्शनों पर लगभग 406 करोड़ रुपए का बिल बकाया है। सबसे अधिक बकाया ’’नगरीय विकास एवं आवास विभाग पर है, जो 125 करोड़ रुपए नहीं चुका पाया है। इसके बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग पर 112 करोड़ रुपए, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पर 11 करोड़, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण पर 86 लाख, गृह विभाग पर 10 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग पर 29 करोड़, किसान कल्याण विभाग पर 2 करोड़, वन विभाग पर 4 करोड़, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पर 21 करोड़, जल संसाधन विभाग पर 13 करोड़, और महिला एवं बाल विकास विभाग पर 34 करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। वित्त मंत्री को लिखे गए पत्र में बिजली कंपनी ने बकाया राशि की शीघ्र वसूली और भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। फिलहाल, सरकार इस पर क्या कदम उठाएगी, इसका सभी को इंतजार है।
