एक की हो रही बदनामी, दूसरी को खूब मिल रही तारीफ
प्रदेश की दो महिला सीएसपी सुर्खियों में
भोपाल। प्रदेश पुलिस की दो महिला अधिकारी इन दिनों सुर्खियों में हैं, एक के खिलाफ डकैती जैसे संगीन आरोप, तो दूसरी को संवेदनशील हालात में सूझबूझ से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सराहा जा रहा है। सिवनी की सीएसपी पूजा पांडेय और ग्वालियर की सीएसपी हिना खान इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।
सिवनी जिले में पदस्थ सीएसपी पूजा पांडेय पर हवाला कारोबारियों से 2.96 करोड़ रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में उनके साथ कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने पूजा पांडे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। उन पर डकैती और अपहरण जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकरण ने मध्य प्रदेश पुलिस की छवि को गहरा आघात पहुंचाया है।
जय श्रीराम का नारा लगाकर दिया दो टूक जवाब
वहीं दूसरी ओर, ग्वालियर की सीएसपी हिना खान ने एक संवेदनशील मौके पर सूझबूझ और सख्ती से स्थिति को संभालकर प्रशंसा अर्जित की है। शहर में अंबेडकर मूर्ति विवाद को लेकर धारा 144 लागू है और भीड़ इकट्ठा करने पर पाबंदी है। इसी बीच, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा अपने समर्थकों के साथ सुंदरकांड पाठ के लिए निकले, जिन्हें सीएसपी हिना खान ने रोका। बताया जा रहा है कि रोके जाने पर मिश्रा ने सीएसपी हिना खान पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया। इसके जवाब में हिना खान ने जय श्रीराम का नारा लगाते हुए दो टूक जवाब दिया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, और लोग उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना कर रहे हैं।
प्रशासन अलर्ट, आंदोलन पर रोक
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की है और 15 अक्टूबर को प्रस्तावित आंदोलन पर रोक लगा दी गई है। शहर में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
