दीपावली के पहले विहिप के होर्डिंग्स पर छिड़ी बहस
भोपाल। दीपावली के मौके पर भोपाल शहर के चौक-चौराहों पर लगे विश्व हिंदू परिषद के होर्डिंग्स ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस को जन्म दे दिया है। होर्डिंग्स पर लिखा गया संदेश अपना त्योहार अपनों से व्यवहार, न केवल राहगीरों का ध्यान खींच रहा है, बल्कि अब यह बयानबाजी का केंद्र भी बन गया है।
विहिप के प्रचार प्रमुख जितेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया कि इन पोस्टर्स का उद्देश्य केवल हिंदू समाज के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। चौहान के अनुसार हम चाहते हैं कि दीपावली की खरीदारी ऐसे लोगों से की जाए, जो आपकी खरीदी से सच में दीपावली मना सकें। यह सामाजिक समर्थन का मुद्दा है, न कि किसी के खिलाफ कोई आंदोलन। वहीं कांग्रेस ने इस अभियान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने कहा कि क्या वीएचपी प्रमुख मोहन भागवत के खिलाफ जा रही है? भागवत खुद कहते हैं कि सब अपने हैं। हमारी संस्कृति समावेशी है, यह बांटने का प्रयास ज्यादा दिन नहीं टिकेगा। भारत का इतिहास सांप्रदायिक सद्भाव से भरा पड़ा है।
वहीं भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने विहिप के अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देना कोई गलत बात नहीं है। दीपावली की खरीदारी उन्हीं से होनी चाहिए, जिनमें भारतीयता और स्वच्छ भाव हो। जो इस देश से प्रेम करता है, उससे व्यवहार करना चाहिए।
