ई-अटेंडेंस ने बढ़ाई अतिथि शिक्षकों की परेशानी
0
तीन माह से अटका वेतन, 50 हजार से अधिक अतिथि शिक्षक परेशानभोपाल। प्रदेश के हजारों अतिथि शिक्षकों के लिए त्योहार की खुशियाँ फीकी पड़ गई हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लागू की गई ई-अटेंडेंस प्रणाली उनके वेतन में रोड़ा बन गई है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश के करीब 50 हजार अतिथि शिक्षकों को बीते तीन माह से वेतन नहीं मिला है। सिर्फ 15 से 20 फीसदी शिक्षकों को ही अब तक भुगतान हो पाया है।जुलाई-अगस्त में प्रदेश भर के शासकीय विद्यालयों में करीब 70 हजार अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति जिला स्तर पर की गई थी। नियमित शिक्षकों की तरह इन पर भी ई-अटेंडेंस का नियम लागू किया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते जहां नियमित शिक्षकों को इससे छूट दी गई, वहीं अतिथि शिक्षकों के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। स्थिति यह है कि हाजिरी दर्ज होने के बावजूद भी कई अतिथि शिक्षक ग़ैरहाज़िर माने जा रहे हैं, जिससे उनका वेतन अटक गया है। विभागीय नियमों के चलते भुगतान रोका गया है, जिससे शिक्षकों के समक्ष त्योहार के समय आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण ई-अटेंडेंस सिस्टम उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहा। इसके चलते वेतन रोका जा रहा है, जो कि अन्यायपूर्ण है।
