रेडक्रॉस सोसायटी के चुनाव, 3 नवंबर तक भर सकेंगे नामांकन
भोपाल। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा की प्रबंध समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए ’एक नवंबर से तीन नवंबर के बीच नामांकन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि केवल निर्वाचित जिला प्रतिनिधि ही इन पदों के लिए अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। इच्छुक प्रत्याशी निर्धारित तिथियों में राज्य शाखा निर्वाचन कार्यालय, भोपाल में अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। प्रत्याशियों को नामांकन के साथ संबंधित जिला समिति के निर्वाचन प्रमाणपत्र की सचिव द्वारा सत्यापित प्रति संलग्न करनी होगी। साथ ही, यह घोषणा भी अनिवार्य होगी कि संबंधित व्यक्ति का भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई आर्थिक हित नहीं जुड़ा है। निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एक व्यक्ति केवल एक पद के लिए ही नामांकन भर सकेगा। तीन नवंबर तक प्राप्त नामांकनों में से कोई प्रत्याशी यदि अपना नाम वापस लेना चाहता है, तो वह चार नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकता है।
