संघ की शीर्ष बैठक जबलपुर में, सेवा कार्यों की होगी समीक्षा
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी रहेंगे उपस्थित
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने देशव्यापी सेवा कार्यों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर विचार के लिए अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में जबलपुर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने जा रहा है। यह बैठक 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक संघ के जबलपुर स्थित मुख्यालय केशव कुटी में आयोजित की जाएगी।
इस तीन दिवसीय बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत स्वयं उपस्थित रहेंगे। उनके साथ देशभर से प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य भी भाग लेंगे। बैठक को संघ के भविष्य के कार्यक्रमों, विशेषकर शताब्दी वर्ष के आयोजन, के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान संघ द्वारा देशभर में संचालित सेवा कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी और इन कार्यों को और प्रभावी बनाने की दिशा में चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त बैठक के पहले और बाद में लगभग 10 दिनों तक अन्य सहयोगी बैठकें भी आयोजित होंगी।
समरसता अभियान पर विशेष जोर
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष (2025) के उपलक्ष्य में प्रस्तावित विशेष आयोजनों जैसे हिंदू सम्मेलन, जनसंवाद कार्यक्रम आदि को और व्यापक व प्रभावशाली बनाने पर भी मंथन होगा। खासतौर पर अनुसूचित जाति (अजा) और जनजाति (अजजा) समुदाय को समरसता अभियान के माध्यम से संगठन से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। संघ के सूत्रों के अनुसार, यह बैठक केवल सांगठनिक समीक्षा भर नहीं, बल्कि आगामी वर्षों की दिशा तय करने वाली निर्णायक बैठक मानी जा रही है।
