स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ किया प्रदर्शन
सरकार से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग
भोपाल। प्रदेशभर से आए सैकड़ों बिजली उपभोक्ताओं ने राजधानी भोपाल में एकत्र होकर स्मार्ट मीटरों से हो रही बिजली बिलों की अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिला और पुरुषों की भारी मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन में उपभोक्ताओं ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। जहां पहले एक सामान्य घर का मासिक बिल 200 रुपये के आसपास आता था, वहीं अब वही बिल 2000 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें दो-दो बार 6-6 हजार रुपये के बिल भेजे गए हैं, जबकि उन्होंने इतना उपभोग किया ही नहीं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि घरेलू बजट पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है, ऐसे में बिजली के बढ़े हुए बिल अब असहनीय होते जा रहे हैं। रसोई, बच्चों की पढ़ाई और अन्य खर्चों के बीच इतना भारी बिजली बिल देना अब मुश्किल हो गया है।
’एसोसिएशन ने बताया आर्थिक बोझ
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं उपभोक्ता अधिकार एसोसिएशन की संयोजक रचना अग्रवाल और पदाधिकारी लोकेश शर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटरों ने आम आदमी की आर्थिक कमर तोड़ दी है। हमें प्रदेशभर से शिकायतें मिल रही हैं कि बिजली बिल पहले के मुकाबले 5 से 10 गुना तक बढ़ गए है।
कई जिलों में उपभोक्ता परेशान
भोपाल, ग्वालियर, गुना, सीहोर, सतना, इंदौर, देवास, दमोह और जबलपुर जैसे जिलों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां उपभोक्ताओं को अविश्वसनीय रूप से बढ़े हुए बिजली बिल थमाए गए हैं। गुना जिले में एक किसान को 2 लाख रुपये का बिजली बिल मिलने की खबर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही स्मार्ट मीटरों की जांच कर समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
