मान्यता ना मिलने का विरोध, किया प्रदर्शन
भोपाल। प्रदेश के 13 सरकारी नर्सिंग कॉलेजों को अब तक मान्यता नहीं दिए जाने को लेकर सोमवार को सैकड़ों छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने इसके विरोध में आज प्रदर्शन किया।
भोपाल में सैकड़ों विद्यार्थी एकजुट हुए और रैली के माध्यम से जय प्रकाश अस्पताल के स्वास्थ्य संचालनालय परिसर पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के दौरान कोई अधिकारी सामने नहीं आया। ऐसे में छात्र नेताओं ने स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारियों के नाम आवक-जावक में मांग पत्र सौंप दिया। नर्सिंग स्टूडेंट्स ने कहा कि मध्य प्रदेश के हजारों नर्सिंग छात्र अपनी मांगों को लेकर परेशान है। राज्य के 13 शासकीय नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता नहीं मिलने से सभी का भविष्य अंधेरे में पड़ता नजर आ रहा है। सरकार जल्द से जल्द कॉलेजों की कमियों को दूर करवाने और मान्यता जारी करे।
