18 जिलों में पल्स पोलियो अभियान का अतिरिक्त चरण 12 से
भोपाल। प्रदेश के 18 जिलों में पल्स पोलियो अभियान का एक अतिरिक्त चरण शुरू किया जाएगा। यह अभियान 12 अक्टूबर से शुरू होगा।
प्रदेश के 18 जिलों अनूपपुर, बैतूल, भिंड, भोपाल, छिंदवाड़ा, दतिया, देवास, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, कटनी, खंडवा, खरगोन, मण्डला, मंदसौर, मुरैना, नरसिंहपुर, नीमच) में पल्स पोलियो अभियान का एक अतिरिक्त चरण 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में 3 अक्टूबर को मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अध्यक्षता में राज्य टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। मिशन संचालक ने निर्देश दिए हैं कि इस अभियान के दौरान विशेष रूप से पैरी-अर्बन क्षेत्र, शहरी स्लम बस्तियां, पॉश क्षेत्र, पलायन, घुमंतु परिवार और हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों पर फोकस किया जाए, ताकि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जा सके। यह सुनिश्चित किया जाए कि अंतिम पंक्ति का अंतिम बच्चा भी पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
