देशी शराब की बिक्री में गिरावट, आबकारी विभाग सख्त
भोपाल। प्रदेश की कंपोजिट शराब दुकानों पर देशी और अंग्रेजी शराब की एक साथ बिक्री हो रही है, लेकिन हाल ही में देशी शराब की बिक्री में अचानक आई गिरावट ने आबकारी विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
राजधानी भोपाल सहित सागर, रायसेन, पन्ना और मुरैना सहित एक दर्जन से अधिक जिलों में देशी शराब की खपत में 50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। इस पर संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग ने सभी लाइसेंसी ठेकेदारों से स्पष्टीकरण मांगा है और निर्देश जारी किए हैं कि दुकानों पर देशी शराब का कोटा किसी भी हालत में कम नहीं होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक दुकान पर दोनों प्रकार की शराब की देशी और विदेशी उपलब्ध होना अनिवार्य है। आबकारी आयुक्त ने सभी सहायक आबकारी आयुक्तों और जिला आबकारी अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन दुकानों पर देशी शराब उपलब्ध नहीं होगी, वहां संबंधित ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर किसी दुकान पर देशी शराब की जगह केवल अंग्रेजी शराब बेची जा रही है, तो इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन माना जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
देशी मांगने पर अंग्रेजी देने की मिल रही थी शिकायत
बताया जा रहा है कि कई जिलों से यह शिकायतें लगातार मिल रही थीं कि जब ग्राहक देशी शराब की मांग करते हैं, तो ठेकेदार उन्हें विदेशी ब्रांड की शराब खरीदने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे न केवल देशी शराब की बिक्री प्रभावित हो रही है, बल्कि कुछ ठेकेदारों की अपनी अंग्रेजी शराब की डिस्टलरियों को भी लाभ पहुंच रहा है।
