सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों में हो सकती है कटौती
भोपाल। प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी में सरकार कटौती करने की तैयारी करने की तैयारी कर रही है। सरकार द्वारा छुट्टियों को लेकर गठित अधिकारियों की समिति इस पर फैसला ले सकती है। फिलहाल इस पर समिति के सदस्य अधिकारियों द्वारा इसे लेकर मंथन किया जा रहा है।
पिछले कुछ साल में कोरोना और राजनीतिक कारणों से कर्मचारियों की छुट्टियां बढ़ाई गईं। जिससे सरकार और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में कर्मचारियों के वर्किंग-डे घटकर 168 और छुट्टियां बढ़कर 197 हो गईं। सरकार ने इस पर समीक्षा के लिए गृह, वित्त, राजस्व और सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिवों (एसीएस) की चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी ने काम शुरू कर दिया है और कोविड-काल में लागू की गई शनिवार की छुट्टी (फाइव डे वर्किंग) खत्म करने पर भी विचार हो रहा है। साथ ही धार्मिक आधार पर दी जाने वाली छुट्टियों को केवल संबंधित वर्ग तक सीमित करने का सुझाव भी सामने आया है।
अभी कर्मचारियों को मिलती है ये छुट्टियां
सामान्य प्रशासन विभाग के मुताबिक वर्तमान में कर्मचारियों को 30 दिन आपातकालीन अवकाश, 20 चिकित्सा अवकाश, 13 अनिवार्य छुट्टियां, 52 शनिवार, 52 रविवार, 27 सरकारी अवकाश, 3 वैकल्पिक और जिला स्तर पर कलेक्टर द्वारा घोषित 3 अतिरिक्त अवकाश मिलते हैं। महिला कर्मचारियों को 6 माह का मातृत्व अवकाश भी मिलता है।
