ग्यारह जिलों से पूरी तरह विदा हुआ मानसून
कुछ जिलों में हो रही हल्की-हल्की और रूक-रूक कर बारिश
भोपाल। प्रदेश में मानसून की विदाई का दौर चल रहा है। राज्य के ग्यारह जिलों में मानसून पूरी तरह से विदा ले चुका है। वहीं राज्य के कुछ जिलों में अब भी हल्की और रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 11 जिलों से मानसून पूरी तरह से विदा हो चुका है, जिनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। इसके अलावा उज्जैन, राजगढ़ और अशोकनगर के कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से एक टर्फ गुजर रही है, जिसके कारण निचले हिस्से के जिलों में हल्की बारिश हो रही है।
प्रदेश में हुई 7.2 इंच अधिक बारिश
प्रदेश में अब तक औसत 44.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 37 इंच था। इस हिसाब से 7.2 इंच अधिक बारिश हो चुकी है। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भोपाल में 32.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 32.8 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर में 36.0 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 31.0 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। बारिश के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में कमी आई है।
41 जिलों में बारिश का कोटा हुआ पूरा
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में कहीं-कहीं हल्की और कहीं भारी बारिश हो रही है। अब तक 41 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा 150 प्रतिशत से भी ज्यादा हो चुका है, जबकि श्योपुर में 213 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने 28 और 29 सितंबर को इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर और उज्जैन संभाग में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
