अब ग्राम पंचायतें भी बना सकेंगी आधुनिक कॉलोनियां
भोपाल। प्रदेश में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अब ग्राम पंचायतें भी शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर आधुनिक आवासीय कॉलोनियों का विकास करेंगी। इसकी शुरुआत विदिशा जिले से हो रही है, जहां जिला प्रशासन ने 12 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 14 गांवों को इस परियोजना के लिए चयनित किया है।
इन गांवों में कॉलोनी निर्माण के लिए पंचायतों को 2 से 5 एकड़ तक की शासकीय भूमि आवंटित की गई है। यह जमीनें उन गांवों में हैं जो शहरी सीमा से सटे हैं और जिनकी आबादी व क्षेत्रफल अपेक्षाकृत अधिक है। इनकी निकटतम कस्बों से दूरी लगभग 500 मीटर से 10 किलोमीटर के बीच है। जिला प्रशासन की यह अनूठी पहल एकीकृत टाउनशिप नीति के तहत लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य शहरी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है। ग्राम पंचायतों को कॉलोनी विकास की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इन कॉलोनियों के लिए प्लॉट का विक्रय करेंगी, जबकि निर्माण कार्य संबंधित खरीदार स्वयं करेंगे।
विकास की दिशा में नया प्रयोग
विदिशा में इस परियोजना को प्रायोगिक तौर पर आरंभ किया गया है, जिसे सफल होने पर प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है। इस योजना से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में नियोजित आवासीय विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्राम पंचायतों को भी अतिरिक्त राजस्व अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
