ट्रैक्टर खरीदने पर किसान को होगी 65 हजार रुपए की बचत
शिवराज ने बताए जीएसटी कम होने के फायदे
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि जीएसटी दरों में कटौती होने से किसानों को भी काफी फायदा होने वाला है। किसानों को ट्रैक्टर-हार्वेस्टर समेत कई कृषि उपकरणों पर बड़ी बचत होगी। वहीं, जैव-कीटनाशक और सूक्ष्म-पोषक तत्वों पर लाभ होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि कृषि उपकरणों में जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत की दी गई है, जो किसानों के लिए वरदान साबित होगी। किसान अगर ट्रैक्टर खरीदेगा तो उसे 65 हजार रुपए की बचत होगी. इसके अलावा हार्वेस्टर और अन्य उपकरणों पर अलग-अलग छूट मिलेगी। चौहान ने आगे बताया कि जीएसटी स्लैब में बदलाव से आम आदमी और डेयरी क्षेत्र को बहुत लाभ मिलने वाला है। डेयरी क्षेत्र में अब दूध और पनीर पर कोई जीएसटी नहीं होगा। इससे आम आदमी को तो लाभ होगा ही। इसकी मांग भी बढ़ेगी। साथ ही किसानों, पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को भी फायदा मिलेगा। वहीं, मक्खन-घी पर भी जीएसटी कम की गई है। दूध के डिब्बों पर भी जीएसटी घटाई गई है।
चौहान ने बताया कि जैव-कीटनाशक और सूक्ष्म-पोषक तत्वों पर जीएसटी घटाई गई है, जिससे किसानों को लाभ होगा। साथ ही रासायनिक उर्वरकों से जैव उर्वरकों की तरफ किसानों की प्रवृति निश्चित रूप से बढ़ेगी।
