छठवें राउंड की काउंसलिंग, प्रवेश के लिए सेल्फी अनिवार्य
भोपाल। प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरणों में पहुंच चुकी है। वर्तमान में छठवें राउंड की कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) जारी है, जिसमें छात्र 8 सितंबर तक पंजीयन कर सकेंगे। काउंसलिंग के दौरान छात्रों को 9 सितंबर को प्रवेश लेते समय अपनी ’सेल्फी’ विभागीय पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। निर्धारित समय सीमा में सेल्फी अपलोड न करने की स्थिति में प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा।
प्रदेश के 124 इंजीनियरिंग कॉलेजों में कुल 74,722 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से अब तक 45,700 छात्रों ने ही प्रवेश लिया है। वहीं, पंजीयन और दस्तावेज सत्यापन के बाद भी 28 हजार से अधिक सीटें’ अब भी खाली हैं। स्थिति यह है कि कुछ कॉलेजों में अब तक ’हजार छात्रों तक का आंकड़ा भी नहीं पहुंच पाया’ है। इसी तरह, एमबीए पाठ्यक्रम की 57 हजार सीटों’ में से अब तक 30,800 सीटों पर ही प्रवेश हुआ है, जबकि 27,800 सीटें रिक्त हैं। ’बीबीए’ की 33,232 सीटों में से केवल 19,240 छात्रों ने अब तक प्रवेश लिया है।
छात्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रवेश की पुष्टि के लिए अपनी सेल्फी क्लिक कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करें। यह प्रक्रिया विभाग द्वारा ’फर्जीवाड़ा रोकने’ तथा ’छात्र की वास्तविक उपस्थिति’ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। छठवां सीएलसी राउंड 9 सितंबर’ तक चलेगा, जिसके बाद अंतिम और सातवां सीएलसी राउंड 10 से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
