स्कूलों में किताबें वितरण की निगरानी होगी मोबाइल एप से
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों को 1 अप्रैल को किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। बच्चों को किताबें मिली या नहीं इसे मोबाइल एप के जरिए टेक किया जाएगा।
स्कूलों में किताब वितरण में होने वाली देरी को देखते हुए इस बार स्कूल शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र में 1 अप्रैल को किसी भी हालत में बच्चों को किताबें वितरण किए जाने की तैयारी करनी शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग ने फरवरी माह में सभी किताबें प्रिंट हो जाए, इसके निर्देश भी पाठ्य पुस्तक निगम को दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस बार विभाग बीस फीसदी ज्यादा किताबें भी प्रिंट करा रहा है, शैक्षणिक सत्र के दौरान अगर किसी विद्यार्थी की किताब गुम हो जाए या फट जाए तो उसे नई किताबें उपलब्ध कराई जा सकें।
मोबाइल एप से होगी किताबों की ट्रैकिंग
विद्यार्थियों को किताबें मिलीं या नहीं, यह अब मोबाइल एप से ट्रैक किया जाएगा। अगर किसी विद्यार्थी की किताब फट जाए या गुम हो जाए, तो छात्र को कक्षा शिक्षक को सूचित करना होगा। शिक्षक यह सूचना प्राचार्य को देंगे और एप पर दर्ज की जाएगी। इसके बाद एप में कक्षा के अनुसार विद्यार्थियों की संख्या और किताबों का रिकॉर्ड भी रहेगा।
