चिकित्सकों सहित अन्य भर्तियां 15 सितंबर तक की जाएं
भोपाल। प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सहित अन्य भर्तियां 15 सितंबर तक किसी भी हालत में पूरी की जाएं। वहीं पीपीपी मोड पर धार, बैतूल, कटनी और पन्ना में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि आवंटन और अन्य आवश्यक सहयोग समय से उपलब्ध कराने कराए जाएं।
स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ये निर्देश आज मंत्रालय में चिकित्सकीय मैनपॉवर भर्ती प्रक्रिया, अधोसंरचना विकास कार्यों और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए। मंत्री ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती, उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं मानदेय से संबंधित विषयों का भी निपटारा किया जाए। उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती के लिए नियमों में संशोधन की चल रही प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने अंतर्विभागीय समन्वय और आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रक्रिया 15 सितम्बर तक पूरी कर शीघ्र भर्ती की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
पीपीपी मोड पर खुलने वाले अस्पतालों का निर्माण समय पर हो
मंत्री ने पीपीपी मोड पर धार, बैतूल, कटनी और पन्ना में मेडिकल कॉलेज स्थापना की कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की। संबंधित अधिकारियों को भूमि आवंटन और अन्य आवश्यक सहयोग समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण होना चाहिए, जिससे शीघ्र चिकित्सा शिक्षा सत्र प्रारंभ हो सके और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
