तिमाही परीक्षा, कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों से मांगा जाएगा जवाब
भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 28 अगस्त से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की तिमाही परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इस बार लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्ती बरतते हुए सभी विद्यालय प्राचार्यों को शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। परीक्षा परिणाम लक्ष्यों से कम आने पर संबंधित स्कूलों से जवाब तलब किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त शिल्पी गुप्ता ने बताया कि जून से अब तक का एक-तिहाई पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है, और तिमाही परीक्षा ’’उसी हिस्से के आधार पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम 2 सितंबर तक चलेगा और प्रत्येक स्कूल अपने संसाधनों व सुविधाओं के अनुसार परीक्षा का आयोजन करेगा। आयुक्त गुप्ता ने स्पष्ट किया कि तिमाही परीक्षा केवल मूल्यांकन नहीं, बल्कि स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता की जांच का भी माध्यम होगी। संचालनालय ने पहले ही सभी विद्यालयों के लिए यह लक्ष्य तय कर दिया था कि तिमाही परीक्षाओं में अधिकतम बच्चों का प्रदर्शन संतोषजनक होना चाहिए। यदि किसी स्कूल से अपेक्षा से कम परिणाम आते हैं या बड़ी संख्या में छात्र कमजोर प्रदर्शन करते हैं, तो उस स्कूल के संकुल प्राचार्य से जवाब मांगा जाएगा।
