कांवड़ यात्रा पर विवाद, मानव अधिकार आयोग में शिकायत
भोपाल। प्रदेश सीहोर में 6 अगस्त को विट्ठलेश सेवा समिति और पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा निकाली गई कांवड़ यात्रा अब विवादों में घिर गई है। बदइंतजामी और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए सीहोर सर्व ब्राह्मण समाज के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने मानव अधिकार आयोग को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में शर्मा ने आरोप लगाया है कि बीते पांच वर्षों में कुबेरेश्वरधाम में आयोजनों के दौरान अव्यवस्था और भगदड़ जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक की जाए और आयोजक समिति की जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। शर्मा ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए समिति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मुआवजे और सुरक्षा की मांग
पंकज शर्मा ने यह भी मांग की कि मृतकों और घायलों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, भविष्य में यदि ऐसी घटनाएं दोहराई जाती हैं, तो समिति का पंजीयन रद्द कर उसकी संपत्ति राजसात करने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने समिति से यह शपथ पत्र लेने की भी बात कही कि आगामी आयोजनों में पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
