डिजिटल तकनीक से लैस होंगे प्रदेश के जिला अस्पताल
मरीज की बीमारियों को बनाया जाएगा डिजिटल डाटा
भोपाल। प्रदेश के जिला अस्पताल अब डिजिटल तकनीक से लैस होंगे। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने राजधानी भोपाल स्थित जय प्रकाश अस्पताल से स्मार्ट पोर्टल के नए और उन्नत संस्करण की औपचारिक शुरुआत कर दी है।
यह पोर्टल जल्द ही प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में लागू किया जाएगा। इसी साल यानि 2025 से इसे अनिवार्य रूप से अपनाया जाएगा। हालांकि स्मार्ट पोर्टल पहले से संचालित हो रहा था, लेकिन मॉनिटरिंग की कमी के चलते इसमें कई खामियां रह गई थीं। अब इस पोर्टल को तकनीकी रूप से उन्नत और अधिक प्रभावी बनाकर पुनः लागू किया जा रहा है।
नई नीति बनाने में होगा सहायक
स्मार्ट पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इससे जिलावार बीमारियों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जाएगा। किस जिले में कौन-सी बीमारी फैल रही है, इसकी जानकारी ’’रियल टाइम’’ में उपलब्ध होगी। इससे कैंसर, हृदय रोग और मानसिक स्वास्थ्य जैसी गंभीर बीमारियों पर तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी। साथ ही, सरकार को नई स्वास्थ्य नीतियां और योजनाएं बनाने में भी मदद मिलेगी।
क्या है स्मार्ट पोर्टल?
स्मार्ट पोर्टल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिसमें हर मरीज की मेडिकल हिस्ट्री, जांच रिपोर्ट और दवाइयों का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज रहेगा। हर मरीज को एक यूनीक हेल्थ आईडी नंबर मिलेगा, जिससे डॉक्टर तुरंत उसका पूरा इलाज इतिहास देख सकेंगे। इससे मरीजों को बार-बार पुराने पर्चे और रिपोर्ट साथ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से होगा एकीकरण
स्मार्ट पोर्टल को ’गैर-संचारी रोग नियंत्रण, नेशनल ओरल हेल्थ प्रोग्राम, वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल, रेबीज नियंत्रण एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसे कई राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से भी जोड़ा जा रहा है।
