गीता परिवार विद्यार्थियों को देगा श्रीमदभागवत गीता का ज्ञान
ऑनलाइन कक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, सप्ताह में पांच दिन होगी पढ़ाई
भोपाल। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए श्रीमद् भागवत गीता की ऑनलाइन कक्षाओं हेतु पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पहल उच्च शिक्षा विभाग द्वारा श्रीकृष्ण पाथेय योजना के अंतर्गत की जा रही है।
विभाग ने सभी सार्वजनिक विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों और शासकीय तथा अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं कि वे विद्यार्थियों को गीता परिवार की वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कराएं। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाने वाली इन कक्षाओं में श्रीमद् भागवत गीता के श्लोकों की व्याख्या के साथ-साथ मूल्य आधारित शिक्षा की भी जानकारी दी जाएगी। कक्षाएं सप्ताह में पाँच दिन आयोजित की जाएंगी, जबकि सप्ताहांत में भावार्थ विवेचन सत्र रखा जाएगा। संपूर्ण पाठ्यक्रम निशुल्क रहेगा, जिसमें श्रीमद्भगवद्गीता के 18 अध्यायों को चार स्तरों में सिखाया जाएगा।
27 अगस्त तक कराएं पंजीकरण
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, यह कार्यक्रम 6 मार्च को मुख्यमंत्री निवास में श्रीकृष्ण पाथेय योजना की समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप है। इसी क्रम में सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों को गीता परिवार द्वारा संचालित ऑनलाइन कक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 अगस्त निर्धारित की गई है।
13 भाषाओं में उपलब्ध है श्रीमद् भागवत गीता
श्रीमद् भागवत गीता की शिक्षा अब भाषा की बाधा नहीं बनेगी, क्योंकि यह ग्रंथ अब 13 प्रमुख भारतीय भाषाओं में ऑनलाइन उपलब्ध है। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, गुजराती, तेलुगु, बांग्ला, उड़िया, तमिल, नेपाली, असमिया, मलयालम, कन्नड़ और सिंधी भाषाएं शामिल हैं।
