वादा याद दिलाने शिक्षक लिखेंगे मंत्री को पत्र
भोपाल। प्रदेश में लाखों शिक्षक चौथा समयमान वेतनमान न मिलने से नाराज हैं। सालों से लंबित इस मांग को लेकर शिक्षक संगठनों में गहरा असंतोष है। अब शिक्षकों ने अपनी मांग को लेकर शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर वादा याद दिलाने की बात कही है।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि अब हर दिन प्रदेशभर के 500 शिक्षक स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को पत्र लिखेंगे। यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार लंबित आदेश जारी नहीं कर देती। डॉ. राठौड़ ने कहा कि सभी विभागीय औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, केवल अंतिम आदेश का इंतजार है। सरकार ने शिक्षकों से वादा किया था, हम उन्हें उनका वादा याद दिला रहे हैं।
बता दें कि स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने शिक्षकों को चौथे समयमान वेतनमान का लाभ जल्द देने का वादा किया था, लेकिन लंबे समय के बाद भी इस दिशा में ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। ऐसे में शिक्षक अब शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावशाली तरीके से अपनी मांगों की याद दिला रहे हैं। शिक्षक संघ ने सरकार से चौथे समयमान वेतनमान का आदेश जारी करने की मांग की है।
