किसान की समस्याओं को लेकर निकालेंगे ट्रैक्टर रैली
भोपाल। भारतीय किसान यूनियन टिकेट ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर रैली निकालने का घोषणा की है। यूनियन द्वारा 13 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर यह रैली निकाली जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन टिकेट के प्रचार मंत्री विष्णु शर्मा ने बताया कि प्रदेश में इन दिनों सभी जिलों में किसान खाद को लेकर परेशान हैं। घंटों लाइन लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है। वहीं कुछ जिलों में मूंग खरीदी की समस्याएं सामने आई है। इन सभी समस्याओं को लेकर यूनियन द्वारा यह फैसला लिया है कि सरकार के खिलाफ किसानों की मांग को लेकर आंदोलन किया जाए। इसके तहत आंदोलन के पहले चरण में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर 13 अगस्त को मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इसके बाद भी किसानों की समस्याएं दूर नहीं हुई तो किसानों के साथ सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।
