धर्मान्तरण, लव जिहाद पर रोक लगाने मुहिम चलाएगा विहिप
भोपाल। विश्व हिन्दू परिषद द्वारा राज्य में धर्मान्तरण, गौ-हत्या और लव जिहाद पर सख्ती से रोक लगाने के लिए मुहिम चलाई जाएगी। यह फैसला विहिप की मध्य भारत प्रांत की बैठक में लिया गया।
विश्व हिन्दू परिषद द्वारा प्रदेश में धर्मान्तरण और लव जिहाद के अलावा गौ-हत्याओं के सामने आ रहे मामलों को लेकर चिंता जताई है। राजधानी में विहिप की मध्य भारत प्रांत की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 7 सितंबर से प्रदेश में इन मुद्दों को लेकर मुहिम चलाने का फैसला लिया गया और रणनीति तय की गई। बैठक में लव जिहाद और धर्मांतरण सहित गौ-हत्या पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई है। इसके अलावा बैठक में सामाजिक समरसता और युवाओं को नशे से दूर करने के कार्यक्रमों को शुरू करने की योजना बनाई गई।
मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त किया जाए, मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात
विहिप की बैठक में मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने का मुद्दा भी उठा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि जब सरकार मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे का संचालन नहीं करती तो मंदिर पर नियंत्रण क्यों। बैठक में इसे लेकर फैसला लिया गया कि प्रदेश के प्रमुख मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने के लिए विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी अगले महीने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। उनके सामने इस समस्या को रखते हुए समस्या को दूर करने की मांग करेंगे।
