अनुभव प्रमाण पत्र ना मिलने से परेशान हो रहे अतिथि शिक्षकों
भोपाल। शासकीय विद्यालयों में सेवाएं दे चुके प्रदेश के लगभग 10 हजार अतिथि शिक्षक, अनुभव प्रमाण पत्र के अभाव में प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा में आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि परीक्षा संभावित रूप से 31 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित इस परीक्षा में वर्ष 2020 और 2024 की प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। चयन परीक्षा में आवेदन करते समय तीन सत्रों का अनुभव प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने अप्रैल 2025 तक शासकीय विद्यालयों में सेवाएं दी हैं और उन्हें अप्रैल माह तक का वेतन भी प्राप्त हो चुका है, लेकिन वर्तमान सत्र 2025-26 के अप्रैल माह तक का अनुभव प्रमाण पत्र अभी तक जारी नहीं किया गया है। इस देरी के चलते वे पात्र होते हुए भी आवेदन से वंचित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा विभाग इस वर्ष कुल 13,089 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती करने जा रहा है। इसमें 10,150 पद स्कूल शिक्षा विभाग तथा 2,939 पद जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत हैं। अतिथि शिक्षकों के लिए आयु सीमा में 9 वर्षों की छूट दी गई है, जिससे उन्हें अवसर मिलने की संभावना बढ़ी है, परंतु प्रमाण पत्र न मिलने से वे इस अवसर से वंचित हो सकते हैं।
