जल जीवन मिशन के लिए ली जाएगी जनसहयोग राशि
भोपाल। जल जीवन मिशन के लिए अब ग्राम वासियों से धन राशि जनसहयोग के रूप में ली जाएगी। इसके निर्देश राज्य के पंचायत विभाग की प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी ने सभी जिला एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जारी किये है।
निर्देश में कहा गया है कि जल जीवन मिशन अंतर्गत सामुदायिक अंशदान (जन सहयोग) की राशि ग्रामीण परिवारों से एकत्रित की जाना है। इसलिये पेयजल प्रदाय योजना की कुल लागत की 5 से 10 प्रतिशत राशि जन सहयोग के रूप में एकत्रित की जाएगी। अनुसूचित जाति और जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में योजना की आन्तरिक ग्राम पाइप लाइन जल आपूर्ति अवसंरचना की कुल लागत की 5 प्रतिशत राशि एकत्रित की जाएगी, शेष क्षेत्रों से 10 प्रतिशत राशि एकत्रित की जाएगी। अति गरीब (अंत्योदय-विधवा-दिव्यांगजन) के परिवार जिनके निश्चित आय के साधन न हों, ऐसे परिवारों से जन सहयोग राशि नहीं ली जाएगी। जन सहयोग राशि में नवीन कनेक्शन राशि समाहित होगी। जन सहयोग राशि ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा निर्धारित किश्तों में उपभोक्ता से ली जा सकती है।
