ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्यवाही स्थगित
गिरगिट लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
भोपाल। राज्य विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होते ही कांग्रेस ने हंगामा भी शुरू कर दिया। भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति के तहत रोक के बावजूद कांग्रेस ने आज हाथ में गिरगिट का खिलौना लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार गिरगिट की तरह रंग बदलती है।
विधानसभा सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस ने अपने तेवर दिखाए, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस के विधायक हाथों में प्लास्टिक और पेपर के गिरगिट एवं तख्तियां लेकर पहुंचे और उन्होंने नारेबाजी की प्रदर्शन किया, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने पहले ही परिसर में प्रदर्शन और नारेबाजी पर रोक लगा रखी है, लेकिन कांग्रेस ने उनके आदेश को दरकिनार कर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा भाजपा की ये सरकार रंग बदलती है, ओबीसी को लेकर वोट मांगती है उनके वोट से सरकार बनाना चाहती है लेकिन उनकी पीठ में छुरा भोंकती है, सरकार ने आज तक ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण नहीं दिया। कांग्रेस नेता ने कहा सरकार कोर्ट में वकीलों को लाखों रुपये दे रही है लेकिन ओबीसी समाज को उसका हक़ नहीं दे रही इसलिए हमने सरकार को गिरगिट बताया है जैसे वो रंग बदलता है ये सरकार भी रंग बदलती है।
दिवंगतों को श्रद्धांजलि, कार्यवाही स्थगित
विधानसभा में आज दिवंगत नेताओं, प्रसिद्ध कलाकारों, पहलगाम हमले के मृतकों और अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित सभी सदस्यों ने पूर्व जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। फिर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवर 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
