सेवानिवृत्त होने पर मिलेगा वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ
भोपाल। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने पर अब वार्षिक वेतनवृद्धि का नुकसान नहीं होगा। खासकर उनको जो 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए या फिर हो रहे हैं। पहले तक इन तिथियों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वार्षिक वेतनवृद्धि का नुकसान होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
वित्त विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को इस दायरे में आने वाले कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ देने का आदेश दिया है। नई व्यवस्था में राज्य कर्मचारियों को जुलाई से वेतन वृद्धि का लाभ मिलता है, लेकिन यदि कोई 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहा है तो उसे इसका लाभ नहीं मिल रहा था। इस पर कर्मचारियों का तर्क था कि उन्होंने पूरे साल नौकरी की लेकिन एक दिन कम होने के कारण उसे वेतनवृद्धि के लाभ से वंचित किया जा रहा है। ऐसे मामले कोर्ट में भी गए। कोर्ट ने भी कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दिया था।
