संगठन में दिखेगी कसावट , भोज से होगी रूठों को मनाने की पहल
प्रदेश अध्यक्ष हर सप्ताह 5 दिन रहेंगे प्रवास पर
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पदभार संभालते ही संगठन में नई ऊर्जा और सख्ती नजर आने लगी है। खंडेलवाल ने स्पष्ट कर दिया है कि अब संगठन कार्यालय में सिर्फ बैठकें नहीं, बल्कि जमीनी सक्रियता और संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने तय किया है कि वे हर सोमवार और मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहेंगे और बाकी के पांच दिन जिलों के प्रवास पर रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन जिला कार्यालय में मौजूद रहें और शेष दिन मंडल व विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करें। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठने से संगठन नहीं चलता, इसके लिए मैदानी कार्य जरूरी है। खंडेलवाल ने मंत्रियों को भी पार्टी कार्यालय में बैठने और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी देने की पहल की है। वे इस प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा कर चुके हैं। इसके पीछे मकसद है कार्यकर्ताओं को सुलभ मंच देना और समस्याओं का समाधान तेज़ करना।
सांसद और विधायक भी बैठेंगे कार्यालयों में
प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि सभी विधायक और सांसद सप्ताह के अंत में शनिवार और रविवार को अपने-अपने जिला भाजपा कार्यालय में बैठें और कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद करें। उन्होंने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में विश्वास बढ़ेगा और संगठन की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी।
भोज के बहाने संवाद की रणनीति
संगठन में कसावट और समरसता लाने के लिए अब भाजपा भोज के ज़रिए संवाद बढ़ाने की रणनीति अपना रही है। खंडेलवाल ने ‘भोज पॉलिटिक्स’ की शुरुआत की भी बात कही है, जिसमें मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं के साथ भोजन कर न सिर्फ उन्हें सम्मान देंगे, बल्कि संगठन से फिर से जोड़ने की कोशिश करेंगे। इस पहल की शुरुआत खंडेलवाल बैतूल जिले से करेंगे।
