मंत्री ने कहा दलालों के चक्कर में ना पड़े आवेदनकर्ता
आंगनवाड़ी भर्ती में गड़बड़ी को लेकर मंत्री का वीडियो वायरल
भोपाल। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया पर अब सवाल उठने लगे हैं। राज्य के मंत्री नागर सिंह चौहान ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अलीराजपुर जिले में भर्ती में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इस खुलासे के बाद कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
वीडियो में मंत्री चौहान ने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि भर्ती के बदले पैसे मांगे जा रहे हैं। उन्होंने बताया, “अलीराजपुर में कई लोग दलाली के चक्कर में घूम रहे हैं। कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। कुछ लोग कहते हैं कि नियुक्ति करवा दूंगा, इतने पैसे दो। मैं साफ करना चाहता हूं कि नियुक्ति सिर्फ मेरिट के आधार पर होगी, किसी को भी पैसे देने की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि राज्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 2,027 और सहायिका के 17,477 सहित कुल 19,504 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
कांग्रेस ने कहा भर्तियों में हो रही सौदेबाजी
मंत्री के बयान के बाद विपक्ष ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जब खुद सरकार के मंत्री मान रहे हैं कि भर्तियों में सौदेबाजी हो रही है, तो मुख्यमंत्री को तत्काल जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री निर्मला भूरिया के पड़ोसी जिले में ही ऐसी स्थिति होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
