राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर तेज़ हुई गतिविधियां
मुख्यमंत्री और संगठन पदाधिकारियों की बैठक
भोपाल। प्रदेश में लंबे समय से निगम, मंडल और आयोगों में लंबित नियुक्यिं को लेकर गतिविधियां तेज हुई है। साथ ही दावेदारों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री के साथ संगठन पदाधिकारियों की हुई बैठक के बाद इस बात के कयास तेज हो गए हैं कि जल्द ही सरकार राजनीतिक नियुक्तियां करने की तैयारी कर रही है। इन नियुक्तियों के जरिए पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों के अलावा संगठन पदाधिकारियों को भी स्थान मिलने की बात कही जा रही है।
प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सरकार और भाजपा संगठन के बीच बैठकें तेज़ हो गई हैं। गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री के साथ हुई इस बैठक में विभिन्न आयोगों, निगमों और मंडलों में जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियां किए जाने के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि केंद्र से इन नियुक्तियों को हरी झंडी मिल चुकी है, जिसके बाद अब नामों को अंतिम रूप देकर सूची जल्द जारी की जाएगी। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में नई सरकार बनने के बाद पूर्ववर्ती अध्यक्षों को उनके पदों से हटाया गया था और तब से नियुक्तियां लंबित थीं।
संगठन में दिखेंगे नए चेहरे
सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह तय किया गया कि पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों के साथ-साथ संगठन के कुछ पदाधिकारियों को भी विभिन्न पदों पर नियुक्त किया जाएगा। इसके पीछे उद्देश्य यह है कि संगठन में नए चेहरों को शामिल करने का अवसर मिल सके। संगठन के पदाधिकारियों को नियुक्त कर उनकी जगह पर युवा और नए कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी में स्थान देने की योजना बनाई गई है। इसके अतिरिक्त कॉलेजों की जनभागीदारी समितियों और नगरीय निकायों में एल्डरमैन जैसे पदों के लिए भी सूची तैयार कर ली गई है। इन पदों पर भी जल्द ही नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी। सरकार और संगठन की इस सक्रियता से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश की राजनीति में नई नियुक्तियों के साथ एक नई हलचल देखने को मिल सकती है।
