बीएलओ और सुपरवाइजर का मानदेय दोगुना, जारी किए आदेश
भोपाल। प्रदेश में कार्यरत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों के लिए राहतभरी खबर है। चुनाव आयोग ने इनके मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब तक बीएलओ को जहां 6 हजार रुपए वार्षिक मानदेय मिलता था, वहीं अब यह राशि दोगुनी होकर 12 हजार रुपए कर दी गई है। इसी तरह सुपरवाइजरों का वार्षिक मानदेय 12 हजार रुपए से बढ़ाकर 18 हजार रुपए कर दिया गया है।
चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर देशभर के सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नवीन दरों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, मध्यप्रदेश के अधिकारियों के मुताबिक आयोग से आदेश प्राप्त हो चुका है और इसके अनुरूप नोटशीट तैयार कर भुगतान प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
हर महीने 1000 रुपए मिलेंगे बीएलओ को
अब बीएलओ को प्रतिमाह 1000 रुपए की दर से मानदेय मिलेगा, जबकि पूर्व में यह राशि मात्र 500 रुपए प्रति माह थी। लंबे समय से मध्यप्रदेश में अन्य राज्यों की तुलना में बीएलओ को कम मानदेय मिल रहा था। आयोग के नए फैसले से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
स्पेशल ड्राइव पर मिलेगा अतिरिक्त इंसेंटिव
इसके अतिरिक्त, आयोग ने यह भी घोषणा की है कि चुनाव से जुड़ी विशेष मुहिम (स्पेशल ड्राइव) में भाग लेने वाले बीएलओ को 2000 रुपए अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) दी जाएगी। यह निर्णय उनके कार्य के महत्व और जिम्मेदारियों को देखते हुए लिया गया है।
