राशन दुकानों पर गेहूं ज्यादा, चावल कम मिलेगा
भोपाल। प्रदेश में राशन की दुकानों से लाभार्थियों को मिलने वाली चावल की मात्रा को कम कर दिया है। इससे राशन की दुकानों से लाभार्थियों को चावल 3 किलों के बजाय सिर्फ 2 किलो ही मिलेगा। हालांकि सरकार ने गेहूं की मात्रा को बढ़ा दिया है। यानी लाभार्थियों को राशन में अब 2 किलो की जगह 3 किलो गेहूं दिया जाएगा।
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि खुले बाजार में चावल बेचने की शिकायत के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से गेहूं की मांग की थी और अब हर महीने मध्य प्रदेश को केंद्र से 1 लाख मीट्रिक टन गेहूं ज्यादा मिलेगा, जिससे राशन में अब गेहूं की कमी नहीं होगी। खाद्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के बड़े फैसले से पीडीएस में बड़ा बदलाव हो सकता है. इससे राशन वितरण में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र ने नई व्यवस्था 3 दिन में लागू की है, इससे राशन की दुकानों पर अब लाभार्थियों को अब गेहूं ज्यादा मात्रा में मिलेगा।
खुले बाजार में चावल बेचने की मिली थी शिकायत
गौरतलब है खुले बाजार में चावल बेचने की शिकायतों के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है। इस फैसले से अब लाभार्थियों को राशन की दुकानों से राशन में 75 फीसदी गेहूं और 25 फीसदी चावल मिलेगा. फिलहाल, लाभार्थियों को हर महीने राशन की दुकानों से 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं मिलता है।
