राजधानी में बढ़ा डेंगू का खतरा, दो लाख घरों का किया सर्वे
छह हजार से अधिक घरों में पाया गया डेंगू का लार्वा
भोपाल। मानसून की सक्रियता के साथ राजधानी भोपाल में डेंगू का खतरा बढ़ गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग ने शहर भर के 2 लाख से अधिक घरों का व्यापक सर्वे किया है, जिसमें 6 हजार से ज्यादा घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की 44 टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों में लार्वा सर्वे कर रही हैं। जिन इलाकों में डेंगू के 50 से अधिक मामले सामने आए हैं, वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है और लगातार लार्वा सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग केवल लार्वा नष्ट करने पर ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दे रहा है। विभाग की टीमें लगातार लोगों से घरों में पानी जमा न होने देने की अपील कर रही हैं, क्योंकि जमा हुआ पानी ही डेंगू मच्छरों के पनपने का मुख्य स्रोत है।
घरेलू जांच और स्थिति नियंत्रण में
स्वास्थ्य विभाग की टीमें डेंगू संक्रमित मरीजों की घर पर ही जांच कर रही हैं। फिलहाल भोपाल में ऐसी स्थिति नहीं है जहां मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता हो। अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए कि डेंगू का प्रकोप न बढ़े, स्वास्थ्य विभाग जनवरी से ही सक्रिय है और अब तक 2 लाख से अधिक घरों का सर्वे कर चुका है।
