निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ मानवाधिकार आयोग में शिकायत
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने राज्य के निजी स्कूलों द्वारा की जा रही अवैध वसूली, मनमानी और कमीशनखोरी के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ये स्कूल शिक्षा के नाम पर खुलेआम व्यापार कर रहे हैं और बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन कर रहे हैं।
त्रिपाठी ने अपनी शिकायत में बताया कि निजी स्कूल प्रवेश शुल्क, वार्षिक शुल्क, कंप्यूटर शुल्क, स्मार्ट क्लास शुल्क और बिल्डिंग फंड जैसी मदों में मनमानी वसूली कर रहे हैं। साथ ही, किताबें, ड्रेस, जूते और बैग पर कमीशनखोरी कर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की जा रही है। उन्होंने बच्चों पर बढ़ते स्कूल बैग के बोझ पर भी चिंता जताई और कहा कि इससे उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
निरीक्षण कागजों तक सीमित
त्रिपाठी ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि जांच और निरीक्षण सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने मांग की है कि सभी निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच हो और अवैध वसूली, कमीशनखोरी तथा बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
