शिक्षक भर्ती में बदलाव से हजारों अभ्यर्थी परेशान, आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग
भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा निकाली गई शिक्षक वर्ग-3 के 13 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया में किए गए अचानक बदलावों से हजारों युवाओं को बड़ा झटका लगा है। पात्रता, भाषा विकल्प और सिलेबस में किए गए संशोधनों ने परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है।
नए नियमों के अनुसार अब केवल वे ही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिनकी शैक्षणिक योग्यता 1 अगस्त 2025 तक पूर्ण हो चुकी हो। ऐसे में डीएड या बीएड अंतिम वर्ष में पढ़ रहे हजारों छात्र इस बार परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाएंगे। पहले अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तक डिग्री पूरी करने की छूट मिलती थी। इसके अलावा भाषा विकल्पों में भी कटौती कर दी गई है। अब भाषा-1 में केवल हिंदी और भाषा-2 में सिर्फ अंग्रेजी का विकल्प उपलब्ध रहेगा, जबकि 2022 में हुए परीक्षा में संस्कृत और उर्दू भी विकल्पों में शामिल थे। इससे वे अभ्यर्थी प्रभावित होंगे जिन्होंने टीईटी परीक्षा संस्कृत या उर्दू से पास की है।
बदलावों से नाराज अभ्यर्थी लोक शिक्षण संचालनालय पहुंचे और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने तथा पात्रता में राहत देने की मांग की। उनका कहना है कि डीएड अंतिम वर्ष के छात्रों को भी आवेदन की अनुमति मिलनी चाहिए, ताकि वे भर्ती प्रक्रिया से बाहर न हों।
