फिर तेज हुई चौक, चौराहों के नाम बदलने की सियासत
भोपाल। राजधानी भोपाल में प्रमुख गार्डन और चौराहों के नाम बदलने को लेकर सियासत जोरों पर है। पुराने भोपाल शहर क्षेत्र में ओल्ड अशोका गार्डन का नाम बदलकर अब ‘राम बाग’ रखा जाएगा। वहीं, विवेकानंद पार्क के पास स्थित प्रमुख चौराहे को ‘विवेकानंद चौक’ नाम देने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
दोनों स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव 24 जुलाई को सुबह 11 बजे नगर निगम परिषद की बैठक में पेश किए जाएंगे, जो आईएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक का एजेंडा तय हो चुका है और इसे लेकर नगर निगम पूरी तैयारी में है। इसके साथ ही विपक्ष ने ‘शहर सरकार’ को घेरने की तैयारी कर ली है। इससे पहले भी भोपाल में कई स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं। इससे पहले हमीदिया रोड का नाम गुरु नानक देव मार्ग किया गया। साथ ही इस्लाम नगर का नाम जगदीशपुर और हलालपुर का नाम भी बदला गया था।
