मैं 15-20 साल करूंगी राजनीति, चुनाव भी लड़ूंगी
उमा ने कहा मैंने सोशल मीडिया पर कहा उसका एक-एक शब्द सही
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि मैंने जो कल सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, उसका एक-एक शब्द सही है। मेरे एक भाई को नगर पालिका अध्यक्ष से हटा दिया गया, एक भाई ने वीआरएस लिया। मैं अभी 65 की हूं. अभी 15-20 साल और राजनीति करूंगी, चुनाव भी जरूर लडूंगी, आगे चुनाव में जरूरत पड़ेगी। जैसे जल-तरंग अल-अलग नहीं होते, वैसे ही में भी पार्टी से अलग नहीं हो सकती।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आज अपने निवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने मैंने अटल-आडवाणी के साथ काम किया है। मेरा नाम उनके साथ चलता था. मैं दोनों से 40 साल छोटी, मैं अभी 65 की हूं, अभी 15-20 साल और राजनीति करूंगी। चुनाव भी जरूर लडूंगी। आगे चुनाव में जरूरत पड़ेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गौ, गंगा, शराबबंदी मेरा विश्वास है। गौ के अभियान में मोहन यादव रुचि ले रहे हैं। मोहन यादव महाकाल का प्रसाद हैं। गंगा की स्पीड कम है, गौ के नाम पर व्यवसाय न हो. सेवा में मेवा नहीं खानी है।
मुझे भाजपा से कोई अलग नहीं कर सकता
उमा भारती ने बताया कि मैं भारतीय जनता पार्टी से कभी अलग नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी से मुझे कोई अलग नहीं कर सकता। मेरे और भारतीय जनता पार्टी के अलग होने की बात करने वाले बेबुनियाद बातें कर रहे हैं। 1990 से मुझे प्रताड़ित करना शुरू किया गया। दिग्विजय सिंह के समय मेरे भाइयों पर हत्या तक का मुकदमा दर्ज हुआ। जनशक्ति के समय मेरे ऊपर एफआईआर दर्ज हुई। व्यापमं घोटाले में भी मुझे प्रताड़ित किया गया। सीबीआई पहले पता करे मेरा क्या रोल था।
