राजधानी के स्कूलों में प्रतिबंधित होंगे ई-रिक्शा
भोपाल। राजधानी के स्कूलों में ई-रिक्शा नहीं चलाए जाएंगे। भोपाल कलेक्टर ने इस आशय के निर्देश दिए हैं। उन्हेंने कहा कि ई-रिक्श को स्कूलों में प्रतिबंधित किया जाए।
राजधानी भोपाल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भोपाल के सांसद आलोक शर्मा की। बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र एवं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह उपस्थित रहे। बैठक में ई-रिक्शा संचालन को लेकर विशेष चिंता व्यक्त की गई। यह पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन होने के बावजूद, कई बार शहर में अव्यवस्थित रूप से खड़ा रहता है, नाबालिग बच्चों द्वारा चलाया जाता है और इनमें छोटे बच्चों को स्कूल ले जाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस समस्या के समाधान हेतु शीघ्र ही निर्देश जारी किये जा रहे है। कलेक्टर सिंह ने कहा कि छोटे बच्चों को ई-रिक्शा में बैठाकर स्कूल भेजना ठीक नहीं है। ट्रैफिक सुगमता के लिए शहर के 42 लेफ्ट टर्न चिन्हित किए गए हैं, जो पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अंतर्गत आते हैं। इन टर्न को सुधारने के लिए 3 करोड़ रुपये का बजट आरक्षित किया गया है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर कार्य प्रारंभ करें। अतिक्रमण हटाने के लिए एक संयुक्त कार्यबल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
