कांग्रेस ने निर्मला से बनाई दूरी, मांडू प्रशिक्षण शिविर के लिए नहीं भेजी सूचना
भोपाल। मांडू में आयोजित होने जा रहे कांग्रेस विधायकों के प्रशिक्षण शिविर से बीना विधायक निर्मला सप्रे को बाहर रखा गया है। कांग्रेस पार्टी ने इस शिविर में शामिल होने के लिए अपने 64 विधायकों को सूचना दी है, लेकिन निर्मला सप्रे को न तो आमंत्रित किया गया और न ही किसी तरह की सूचना दी गई।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सप्रे अब कांग्रेस विधायक नहीं मानी जा रही हैं क्योंकि वे लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। हालांकि उन्होंने विधानसभा में औपचारिक रूप से अभी तक दल नहीं बदला है, लेकिन वे कई बार भाजपा के कार्यक्रमों में देखी गई हैं और कांग्रेस की गतिविधियों से दूरी बनाए रखी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल पार्टी के सक्रिय विधायकों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसलिए निर्मला सप्रे को आमंत्रित करने का सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस ने उनके खिलाफ सदस्यता समाप्ति की मांग विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखी थी, लेकिन अब तक उस पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। यह घटनाक्रम इस बात की पुष्टि करता है कि कांग्रेस अब निर्मला सप्रे को अपनी राजनीतिक योजना से पूरी तरह बाहर कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायकों का चिंतन शिविर मांडू में रखा गया है। 21 और 22 जुलाई को चिंतन और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में भाग लेने के लिए कांग्रेस विधायक 20 जुलाई को मांडू पहुंचेंगे।
