नक्सल प्रभावित जिलों में पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते के लिए होगी भर्ती
35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए
भोपाल। मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित जिलों बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते के लिए 1000 पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल उन्हीं जिलों के मूल निवासी पात्र होंगे, जो संबंधित गांवों में कम से कम 10 वर्षों से निवासरत हैं। खास बात यह है कि भर्ती में 35 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा ने इस संबंध में तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। भर्ती का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और हॉकफोर्स को स्थानीय स्तर पर सहयोग प्रदान करना है। राज्य के इन तीन जिलों के 595 चिन्हित गांवों से युवाओं की भर्ती की जाएगी। बालाघाट जिले में 810 पद, मंडला जिले में 130 पद, डिंडौरी में 60 पद भरे जाना है।
एडीजी (चयन एवं भर्ती) सोनाली मिश्रा ने बताया कि उम्मीदवार 18 जुलाई से 7 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। एसटी वर्ग के लिएः पांचवीं पास, अन्य वर्गों के लिएः आठवीं पास तय की है। चयन प्रक्रिया में फिजिकल टेस्ट के माध्यम से बुनियादी शारीरिक दक्षता की जांच की जाएगी, जबकि साक्षात्कार में उम्मीदवारों से उनके गांव और आसपास के भौगोलिक-सामाजिक परिदृश्य से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। यह भर्ती न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि नक्सल विरोधी अभियानों को भी मजबूती देगी।
