चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस
तकनीकी विशेषज्ञ और राजनीतिक रणनीतिकार विधायकों को करेंगे प्रशिक्षित
भोपाल। प्रदेश में लगातार चुनावी हार का सामना कर रही कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। धार जिले के मांडू में 21 और 22 जुलाई को कांग्रेस विधायकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, तकनीकी विशेषज्ञ और राजनीतिक रणनीतिकार शामिल होकर विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 20 जुलाई को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से होगी। इसके बाद दो दिन में लगभग 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र में प्रशिक्षण का उद्देश्य, विषयों की रूपरेखा और विधायकों से अपेक्षाएं साझा की जाएंगी। इस सत्र को कांग्रेस के प्रशिक्षण विभाग अध्यक्ष महेन्द्र जोशी संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण में कांग्रेस की विचारधारा, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका, संविधान निर्माण में योगदान, संगठन की मजबूती, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया की रणनीति, कम्युनिकेशन स्किल, चुनाव प्रबंधन और सरकार की विफलताओं जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन पार्टी के इतिहास और विचारधारा पर चर्चा करेंगी, जबकि प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी संगठनात्मक कौशल और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों पर मार्गदर्शन देंगे। वे यह भी बताएंगे कि संगठन का भविष्य कैसे मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जातिगत जनगणना के महत्व और राहुल गांधी के इस अभियान पर प्रकाश डालेंगे। वे बताएंगे कि कांग्रेस इसे सामाजिक न्याय से जोड़कर कैसे प्रदेश में जनता के बीच ले जा रही है।
